उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: DM ललित मोहन रयाल ने की गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग (वीडियो)
हल्द्वानी: जनपद नैनीताल के डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा तहसील हल्द्वानी अंतर्गत राजस्व ग्राम हरिपुर तुलाराम में गेहूं की फसल की क्रॉप कटिंग (Crop Cutting) का निरीक्षण एवं संपादन किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने फसल कटाई की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग का कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि सही आंकलन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसानों को वास्तविक उत्पादन का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि क्रॉप कटिंग कृषि क्षेत्र में फसल उत्पादन के वैज्ञानिक एवं वास्तविक आकलन का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए प्रति हेक्टेयर उपज का सटीक डेटा प्राप्त होता है, जो समर्थन मूल्य निर्धारण, खाद्यान्न खरीद और विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन में सहायक होता है। साथ ही, यह प्रक्रिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को बीमा दावे के भुगतान का आधार भी बनती है।
इस अवसर पर तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, कानूनगो बृजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक अरुण वर्मा, अपर सांख्यिकी अधिकारी महेन्द्र सिंह डांगी एवं मीना नेगी, बीमा कंपनी एजेंट हेम सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। काश्तकारों ने भी इस कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह पहल कृषि उत्पादन के सटीक आकलन एवं भविष्य की योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





