उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: असम राइफल्स ने बहादुर पूर्व सैनिक Nk/GD तेज सिंह मेहता (रि.) को मिला सम्मान
हल्द्वानी: असम राइफल्स, जो देश की सबसे पुरानी पैरामिलिट्री फोर्स और नॉर्थ ईस्ट में मजबूत उपस्थिति रखने वाली सुरक्षा इकाई है, अपने वीर सैनिकों व पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में फोर्स ने हल्द्वानी के बहादुर पूर्व सैनिक Nk/GD तेज सिंह मेहता (रिटायर्ड) को उनकी सेवा और बलिदान के प्रति सम्मान स्वरूप 2,00,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1984 में नागालैंड में एक आतंकवाद-विरोधी ऑपरेशन के दौरान तेज सिंह मेहता एक घातक हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके बाएं पैर में 12 और दाहिने पैर में एक गोली लगी थी। गहरी चोटों के कारण उनका बायां निचला पैर काटना पड़ा, इसके बावजूद उन्होंने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
उनकी इस वीरता को सम्मान देते हुए लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा, AVSM, SM, डायरेक्टर जनरल असम राइफल्स ने व्यक्तिगत रूप से उन्हें यह आर्थिक सहायता प्रदान की। यह कदम असम राइफल्स की उस परंपरा को दर्शाता है जिसमें संगठन अपने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की देखभाल को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।
असम राइफल्स का कहना है कि उनके वीर जवानों का योगदान अमूल्य है और संस्था हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी ताकि उनके बलिदान को कभी भुलाया न जाए।





