उत्तराखण्ड
देहरादून: भाजपा सरकार संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय पर कर रही है हमला : यशपाल आर्य

देहरादून: नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि मौजूदा सरकार प्रदेश में विकास की बजाय जाति और धर्म की राजनीति कर रही है। प्रदेश की जनता ने भाजपा को उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए चुना था, लेकिन सरकार बुनियादी मुद्दों से मुंह मोड़े हुए है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा यह नहीं बताती कि प्रदेश में जनता की गरीबी कैसे दूर होगी, शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था कैसे सुधरेगी, किसानों को सिंचाई की सुविधा कब मिलेगी, बेरोजगारों को नौकरी कैसे मिलेगी, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था कैसे सशक्त बनेगी। भ्रष्टाचार, बिजली, पर्यटन, रोजगार जैसे असल मुद्दों पर सरकार चुप्पी साधे है।
कांग्रेस का “संविधान बचाओ” अभियान सिर्फ एक राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि यह संविधान की मूल भावना और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का राष्ट्रीय आह्वान है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। संविधान की मूल प्रस्तावना तक को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी।
यशपाल आर्या ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से दलितों के आरक्षण को समाप्त करने और उनकी हिस्सेदारी को खत्म करने की साजिश कर रही है। दलित कल्याण की योजनाओं का बजट कम किया जा रहा है और उन्हें सरकार में प्रतिनिधित्व से बाहर किया जा रहा है। यह न सिर्फ बाबा साहेब की सोच के खिलाफ है, बल्कि सामाजिक न्याय की भी खुली अवहेलना है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि अब समय आ गया है कि संविधान, आरक्षण और दलित अधिकारों को मिटाने की साजिशों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाए। यह आंदोलन सिर्फ कांग्रेस का नहीं, बल्कि हर उस नागरिक का है जो लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय में विश्वास रखता है।
उन्होंने कहा “हम सब मिलकर बाबा साहेब द्वारा निर्मित संविधान और गरीबों के अधिकारों की रक्षा करेंगे। यही सच्ची श्रद्धांजलि है बाबा साहेब के सपनों को।”







