उत्तराखण्ड
भीमताल : पेयजल लाइनों की लीकेज को एक महीने मे ठीक करने के सीडीओ अरविंद पांडेय ने दिए निर्देश…
ग्रीष्मकाल से पूर्व पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर लें, पेयजल लाइनों की लीकेज को एक मांह के भीतर ठीक करालें कहीं भी पानी की बरबादी न हो
विद्यालयों में शिक्षक/शिक्षिका की समय पर उपस्थिति हो इस हेतु खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रतिदिन व्हाट्सएप ग्रुप में उपस्थिति दर्ज कराएंगे
मुख्य विकास अधिकारी
भीमताल 19 फरवरी 2026 सूवि।
मा० मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश में आम जनमानस को केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में नगर पंचायत भीमताल अंतर्गत रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य रूप से पेयजल, सिंचाई, विद्युत,शिक्षा, सड़क, अतिक्रमण, होम स्टे संचालन आदि से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता से रखा।
शिविर में लगभग 60 शिकायतें दर्ज कराई गई जिसमें से अधिकांश समस्याओं का मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिन समस्याओं का यहां समाधान नहीं हुआ संबंधित विभाग उनका निस्तारण करते हुए संबंधित को भी अवगत कराएंगे।
इस दौरान विभिन्न व्यक्तियों द्वारा पानी की लीकेज को लेकर शिकायत की। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जलसंथान के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं जहां जहां पानी की लीकेज हो रहा है उसे तत्काल ठीक करें। भीमताल निवासी दो व्यक्तियों द्वारा स्मार्ट विद्युत मीटर लगाने से अधिक विद्युत बिल आने की शिकायत की। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग ने अधिकारी को निर्देश दिए कि शीघ्र ही मीटर चैक कर रिडिंग का मिलान कर लिया जाय तभी बिल जमा कराया जाए।
शिविर में नौकुचियाताल क्षेत्र में पानी की समस्या तथा पेयजल टैंक की क्षमता बढ़ाने एव नए टैंक निर्माण का अनुरोध किया। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
शिविर में भीमताल नगर वार्ड नंबर 6 में पूर्व में निर्मित पेयजल टैंक जिसका निर्माण नगर पालिका द्वारा कराया गया था किंतु जल संस्थान को अभी तक हस्तांतरित नहीं किया गया। जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए हैं कि जल संस्थान के साथ संयुक्त निरीक्षण कर टैंक की जांच कराते हुए संयुक्त रूप से जल संस्थान को एक सप्ताह के भीतर टैंक को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
शिविर में नोकुचियाताल मार्ग में लोक निर्माण की सड़क में अवैध कब्जा होने की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण को तत्काल प्रशासन व पुलिस विभाग के साथ मिलकर अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त शिविर में भीमताल में सिंचाई नगर में अतिक्रमण की शिकायत प्राप्त हुई जिस पर सिंचाई विभाग को तत्काल राजस्व विभाग के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
इस दौरान जून स्टेट भीमताल में भूमि विवाद से संबंधित आया इस संबंध में तत्काल जांच कर उचित कार्यवाही के निर्देश राजस्व विभाग को दिए।
शिविर में विभिन्न विद्यालयों में अध्यापकों की कमी तथा उनके देर से विद्यालय पंहुचने की शिकायत प्राप्त हुई, जिसपर मुख्य विकास अधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारी को नियमित व्हाट्सएप पर उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 80 लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा दी गई। इसी प्रकार आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 35 व होम्योपैथिक विभाग द्वारा 40 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवा दी गई। पंचायतीराज विभाग, जन्म-मृत्यु पंजीकरण किए गए, बीपीएल नकल दी गई। श्रम विभाग द्वारा 10 व्यक्तियों को विभाग में पंजीकृत करने हेतु जानकारी देते हुए आवेदन प्रदान किए गए । पशुपालन विभाग द्वारा 10 पशुपालकों को विभागीय योजना से लाभान्वित किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा 6 ,विद्युत विभाग द्वारा 6, कृषि विभाग द्वारा 18, उद्यान विभाग द्वारा 24 व उद्योग विभाग द्वारा 8 लोगों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
बाल विकास विभाग द्वारा 4 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान किए गई। सहकारिता विभाग द्वारा 8 व्यक्तियों को विभागीय योजना की जानकारी दी गयी। समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 लाभार्थियों को समाज कल्याण की योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न प्रमाण पत्र की कार्यवाही की गई। शिविर में 10 आधार कार्ड भी बनाए गए।
इस दौरान विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, उत्तराखंड सरकार में
दायित्वधारी शांति मेहरा, अध्यक्ष नगर पालिका भीमताल सीमा टमटा, सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए चंदा फर्त्याल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका राहुल कुमार सिंह भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, नितेश बिष्ट, मनोज भट्ट, प्रदीप पाठक, दिनेश सांगूड़ी, रामपाल सिंह गंगोला सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।





