उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट करेगा कल सुनवाई, अलर्ट पर प्रशासन
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में कल यानी 24 फरवरी को देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हल्द्वानी का बनभूलपुरा क्षेत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
रेलवे प्रशासन की ओर से अतिरिक्त फोर्स मंगाई गई है। इसके अलावा आईआरबी और पीएसी की टुकड़ियां भी हल्द्वानी पहुंच चुकी हैं। क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए बाहरी जनपदों से भी फोर्स बुलाई गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें। “न्यायालय के आदेश का अनुपालन करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है,” उन्होंने कहा।
गौरतलब है कि रेलवे ने बनभूलपुरा क्षेत्र में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमित बताते हुए उसे खाली कराने की मांग की है। इस संबंध में मामला भारतीय रेल की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है और इस पर लगातार सुनवाई चल रही है।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में करीब 4300 भवन स्थित हैं, जिनमें हजारों लोग निवास करते हैं। ऐसे में सुनवाई को लेकर क्षेत्र में हलचल तेज है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है।





